60 साल की महिला से दुष्कर्म के बाद हत्या, आरोपी पड़ोसी गिरफ्तार

अमरावती. ईस्ट गोदावरी जिले में मंगलवार को 60 वर्षीय महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। आरोपी के. नागबाबू (31) को पुलिस ने गिरफ्तार किया। बुधवार को उसे अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने नागबाबू को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। 


पीड़ित महिला विधवा थीं। बेटी के हैदराबाद जाने के बाद, वह गांव स्थित घर में अकेली रहती थीं। आरोपी ने महिला के घर से 80 हजार रुपए भी चुराए।


खोजी कुत्तों की सहायता से आरोपी के घर तक पहुंची पुलिस


मुम्मिदीवरम के इंस्पेक्टर राजशेखर राव ने कहा- घटना ईस्ट गोदावरी जिले के आई पोलावरी में हुई। स्थानीय लोगों ने दोपहर को महिला का शव उसके घर में देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जांच में महिला के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की पुष्टि हुई। एसपी ने गांव में ग्रामीणों से बात की। इस दौरान उन्हें पीड़ित महिला और पड़ोसी नागबाबू के परिवार के बीच विवाद की जानकारी मिली। पुलिस खोजी कुत्तों की मदद से आरोपी के घर तक पहुंची। पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। हालांकि, नाराज ग्रामीणों ने नागबाबू के साथ मारपीट भी की।


चोरी के मामले में जेल की सजा काटकर आया था आरोपी 


पुलिस ने बताया कि आरोपी ने नशे की स्थिति में महिला के साथ दुष्कर्म किया और भागने से पहले पीड़ित पर और घर में मिर्च पाउडर छिड़क दिया, ताकि पुलिस के खोजी कुत्तों को उसका सुराग न मिले। आरोपी नागबाबू को मिर्च पावडर का आइडिया चोरी के अपराध में जेल की सजा काटने के दौरान एक कैदी से मिला था।


27 नवंबर को हैदराबाद में वेटरनरी डॉक्टर की हत्या हुई


हैदराबाद में 27 नवंबर को टू-व्हीलर का टायर पंक्चर होने के बाद एक टोल प्लाजा के पास इंतजार कर रही 26 वर्षीय वेटरनरी डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। डॉक्टर का जला हुआ शव अगले दिन मिला। डॉक्टर शादनगर में रहती थी। वहां से करीब 30 किमी दूर शमशाबाद में एक वेटरनरी हॉस्पिटल में काम करती थीं। वह हर दिन हैदराबाद-बेंगलुरु नेशनल हाईवे पर स्थित टोंडुपल्ली टोल प्लाजा पर अपना टू-व्हीलर पार्क करती थीं। वहां से कैब लेकर अस्पताल तक जाती थीं। पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया।