हेमंत सोरेन ने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया

रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष और राज्य विधानसभा चुनावों में विपक्षी गठबंधन के नेता हेमंत सोरेन मंगलवार रात सात बजे गठबंधन के सभी विधायकों की बैठक में हिस्सा लेने के बाद रात आठ बजे राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मिलकर प्रदेश में सरकार बनाने का दावा पेश किया। संभावना है कि वह 27 दिसंबर को मोरहाबादी मैदान में शपथ ग्रहण करेंगे। राजभवन के सूत्रों ने बताया कि झारखंड विधानसभा के चुनावों में विजयी विपक्षी गठबंधन के नेता हेमंत सोरेन ने राज्यपाल से आज रात आठ बजे मिलने का समय लिया था।  सूत्रों के अनुसार विपक्षी गठबंधन के नेता सोरेन के साथ झामुमो, कांग्रेस और राजद के 35 अन्य नवनिर्वाचित विधायक भी राज्यपाल से मिलने जाएंगे। इससे पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रवक्ता अभिषेक प्रसाद पिंटू ने बताया कि आज शाम सात बजे झामुमो अध्यक्ष शिबू सोरेन के आवास पर तीनों गठबंधन सहयोगियों झामुमो, कांग्रेस और राजद के सभी विधायकों की बैठक होनी है। समझा जाता है कि इस बैठक में हेमंत सोरेन को औपचारिक तौर पर गठबंधन दल का नेता चुना जायेगा। सोरेन ने कल रात में ही कहा था कि वह अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ 27 दिसंबर को रांची के मोरहाबादी मैदान मेंशपथ ग्रहण करेंगे। झारखंड विधानसभा चुनावों में झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन को 81 में से 47 सीटें मिली हैं। सरकार की संरचना के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस के झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह और हेमंत सोरेन ने बताया कि इसपर विस्तृत चर्चा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ मुलाकात के बाद होगी। इससे पहले झामुमो ने मंगलवार को शिबू सोरेन के आवास पर पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक बुलायी है जो इस समय जारी है।