यूएई में मशहूर भारतीय सामाजिक कार्यकर्ता नजर नंदी का निधन, मुश्किल में घिरे लोगों की करते थे मदद

दुबई। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में अपने सामुदायिक कार्यो के लिए मशहूर भारतीय सामाजिक कार्यकर्ता नजर नंदी का रविवार को यहां निधन हो गया। केरल के रहने वाले नंदी को छाती में दर्द की शिकायत के बाद दुबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार सुबह उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। चिकित्सकों ने करीब 55 वर्ष के नंदी की मौत की वजह हार्ट अटैक को बताया है।


नंदी यूएई में मुश्किल में घिरे भारतीयों की मदद को हमेशा तत्पर रहते थे। सामाजिक कार्यो में स्वेच्छा से भाग लेते हुए उन्होंने यूएई में सैकड़ों जरूरतमंद लोगों की मदद की। इनमें गंभीर बीमारियों से घिरे मरीजों से लेकर वे भारतीय भी शामिल थे, जो वीजा संबंधी दिक्कतों के कारण यूएई में कानूनी पचड़े में फंस गए थे। केरल में आई भयंकर बाढ़ के वक्त नंदी ने अन्य कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पीडि़तों के बीच राहत सामग्री पहुंचाने का काम भी किया था।