AAP और BJP के उम्मीदवारों ने लगाई जीत की हैट्रिक

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के नतीजों की स्थिति लगभग साफ हो गई है।कई सीटों पर मतगणना अंतिम दौर के करीब पहुंच गई है तो कई सीटों पर रिजल्ट आ गए हैं। पटपड़गंज विधानसभा सीट से डिप्टी सीएम और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया चुनाव जीत गए हैं। उनका मुकाबला भाजपा प्रत्याशी रवि नेगी से काफी कड़ा रहा। शुरूआत में सिसोदिया भाजपा उम्मीदवार से पीछे भी चल रहे थे। लेकिन अंतिम राउंड जाते-जाते उन्होंने बढ़त बना ली।


सिसोदिया ने भी पटपड़गंज से लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की है। इससे पहले उन्होंने 2013 और 2015 में भी विजय पताका लहरायी थी।


भाजपा के ओपी शर्मा ने लगाई जीत की हैट्रिक


विश्वास नगर विधानसभा से भाजपा उम्मीदवार ओम प्रकाश शर्मा चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने करीब 16 हजार वोट ने जीत दर्ज की। विश्वास नगर विधानसभा क्षेत्र से ओम प्रकाश ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की है।


ओपी शर्मा इससे पहले 2013 और 2015 के विधासभा चुनाव में भी जीत दर्ज कर चुके हैं। वे पिछली साल केजरीवाल लहर में भी अपनी सीट बचाने में कामयाब रहे थे। साल 2013 में उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार नसीब सिंह को हराया था। कांग्रेस प्रत्याशी को 37002 और भाजपा को 44801 वोट मिले थे। ओपी शर्मा ने 2015 में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार डॉ. अतुल गुप्ता को हराया था।


आप के सतेंद्र जैन ने भी लगाई जीत की हैट्रिक


शकूरबस्ती से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सत्येंद्र जैन 7 हजार से अधिक मतों से चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने भाजपा के डॉक्टर एससी वत्स को शिकस्त दी है। पिछले विधानसभा चुनाव 2015 में उन्होंने करीब 3 हजार वोटों से जीत दर्ज की थी।


इससे पहले 2013 के चुनाव में सतेंद्र जैन भाजपा उम्मीदवार श्याम लाल गर्ग को चुनाव हरा चुके हैं। साल 2013 में सतेंद्र जैन को कुल 40232 वोट मिले थे जबकि भाजपा उम्मीदवार को 33170 मत प्राप्त हुए थे।


मंगोलपुरी से राखी बिड़ला जीती


आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार और पूर्व मंत्री राखी बिड़ला एक बार फिर से चुनाव जीत गई हैं। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार को हराया। इससे पहले वह 2013 और 2015 में चुनाव जीत चुकी हैं।


अखिलेशपति त्रिपाठी ने पूरी की जीत की हैट्रिक


मॉडल टाउन से आम आदमी पार्टी एक बार फिर जीत गई है। पार्टी के मौजूदा विधायक अखिलेशपति त्रिपाठी ने यहां से लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार कपिल मिश्रा को पराजित कर दिया।  कपिल मिश्रा ने अखिलेशपति को कड़ी टक्कर दी। रूझानों में कभी कपिल आगे हो जाते थे तो कभी अखिलेश आगे हो जाते थे। अंत में बाजी आम आदमी पार्टी के हाथ लगी।