भारत-पाक विवाद पर बोले प्रधानमंत्री दुनिया देख रही है हमारी इच्छा शक्ति

भारत-पाकिस्तान विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि पूरा देश आज एक है और हमारे जवानों के साथ खड़ा है। मोदी ने ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ संवाद कार्यक्रम में कहा कि इस समय देश की भावनाएं एक अलग स्तर पर हैं। देश का वीर जवान सीमा पर और सीमा के पार भी अपना पराक्रम दिखा रहा है। पूरा देश एक है और हमारे जवानों के साथ खड़ा है। दुनिया हमारी इच्छा शक्ति को देख रही है।मोदी ने कहा कि देश की सुरक्षा का संकल्प लेकर हमारा जवान सीमा पर डटा है। हम सब पराक्रमी भारत के नागरिक हैं, इसलिए हम सबको भी देश की समृद्धि और सम्मान के लिए दिन रात एक करना होगा। प्रधानमंत्राी नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारत को अस्थिर करने के लिए आतंकी हमले के साथ-साथ दुश्मनों का एक मकसद ये भी होता है कि हमारी प्रगति रुक जाए, हमारी गति रुक जाए, हमारा देश थम जाए उनके इस मकसद के सामने हर भारतीय को दीवर बन कर के खड़ा होना है। मोदी ने कहा कि हमारा देश नई नीति और नई रीति के साथ अपनी क्षमताओं का विस्तार करने में जुटा हुआ है। भारत का युवा आज उत्साह से परिपूर्ण है, देश के किसान से लेकर देश के जवान तक सभी को ये विश्वास मिला है कि नामुमकिन अब मुमकिन है।