नए नारे 'अब होगा न्याय' के सहारे दिल जीतेगी कांग्रेस, जावेद अख्तर ने तैयार किया गीत

कांग्रेस ने रविवार को लोकसभा चुनाव के लिए अपना नया नारा ''अब होगा न्याय" जारी करते हुए आरोप लगाया कि देश में 'अन्याय' का माहौल है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का प्रचार अभियान ''न्याय" के ईद गिर्द केन्द्रित होगा। यह शब्द न केवल पार्टी की प्रस्तावित न्यूनतम आय गारंटी योजना को रेखांकित करता है, बल्कि समाज के सभी वर्गों को न्याय प्रदान करने की बात भी करता है। उन्होंने कहा, ''देश में न्याय की मांग की जा रही है जिससे गरीब वंचित हैं।" उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ''अभियान दिलों को जीतने" पर केन्द्रित होगा।


शर्मा ने कहा कि पार्टी ने चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन कर अपने प्रचार के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए हैं। कांग्रेस ने कहा कि अभियान का मुख्य गीत 'मैं ही तो हिन्दूस्तानी हूं" जावेद अख्तर ने लिखा है और संगीत अर्जुना हरजाई ने दिया है। अभियान फिल्म का निर्देशन निखिल अडवाणी ने किया है और इसके छायाकार तुषार कांति राय हैं।


लाल गलियारे में 40% सीटों पर क्षेत्रीय दलों का असर, BJP के लिए चुनौती


शर्मा ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, अभियान पैनल के साथ-साथ कोर कमेटी के सदस्य प्रचार की रणनीति तैयार करने में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अभियान के पीछे विज्ञापन एजेंसी 'परसेप्ट है। युवा टीम पार्टी के डिजिटल मीडिया अभियान के लिए भी काम करती है।