धर्म प्रचार के नाम पर पकड़े गए 11 विदेशियों को भेजा गया जेल, वीजा नियमों में उल्लंघन का आरोप

बक्सर. बिहार के बक्सर जिले में धर्म प्रचार के नाम पर पकड़े गए 11 विदेशियों को जेल भेज दिया गया है। सभी पर वीजा नियमों में उल्लंघन का आरोप है। टूरिस्ट वीजा की समय अवधि खत्म होने के बाद भी ये बक्सर पहुंच गए थे। ये घूमने के लिए भारत आए थे लेकिन किसी धर्म विशेष के प्रचार में जुटे थे। बक्सर आने के बाद इन्होंने फॉरेन रजिस्ट्रेशन ऑफिसर को भी इसकी जानकारी नहीं दी।


एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा के मुताबिक 28 मार्च को इनके बारे में प्रशासन को सूचना मिली थी। सभी नया भोजपुर की एक मस्जिद में छिपे थे। प्रशासन ने उनके कागजात की जांच की तो पता चला कि चार लोग मलेशिया और सात लोग इंडोनेशिया के रहने वाले हैं। सभी लोग टूरिस्ट वीजा लेकर यहां आए थे। लेकिन, बगैर दूतावास को सूचना दिए गांव में जाकर धर्म प्रचार कर रहे थे। 


बक्सर पुलिस द्वारा पकड़े जाने के बाद सभी को 14 तक विशेष निगरानी में रखा गया। सभी की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। क्वारेंटाइन की समय अवधि पूरी होने के बाद विशेष परामर्श लेकर इन सभी के खिलाफ 14बी के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया है। इंडोनेशिया के नूर मो यूसुफ, जियांग मौलाना यूसुफ, इरियाला दारजोई, इमाम अकबर, अनंदी भारत, इलियास इलाहमोई, इमोल्लांक और मलेशिया के कमरूल रियोहयन, नवीज अजमन, नुर अजमन और मो इलियास शामिल हैं।