दिल्ली मरकज से आए युवक ने ट्रैवल हिस्ट्री छुपाई, संपर्क में आए 37 पॉजिटिव मिले; टोटल 71 संक्रमित

जयपुर. टोंक में गुरुवार को 11 नए पॉजिटिव केस सामने आए। सभी शहर के बमोर गेट के रहने वाले हैं। इसमें पांच महिलाएं और छह पुरुष संक्रमित मिले। जो सभी पहले संक्रमित मिले लोगों से संपर्क में आए थे। इनमें ज्यादातर लोगों के घर आसपास ही हैं। जिसके चलते इन्हे पहले ही क्वारैंटाइन कर दिया गया था। गौरतलब है कि यहां सबसे पहले दिल्ली निजामुद्दीन से आया युवक संक्रमित मिला था। जिसने अपनी ट्रैवल हिस्ट्री की सूचना प्रशासन को नहीं दी। साथ ही लगातार शहर में घूमता रहा। जिसके खिलाफ केस भी दर्ज किया गया है।


इससे पहले बुधवार को बमोर गेट क्षेत्र से पांच माह की बच्ची की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। जानकारी के अनुसार बालिका के माता-पिता की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई थी। वहीं अब तक 1387 सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं।


ट्रैवल हिस्ट्री नहीं बताई, करीब 37 लोगों को संक्रमित किया
जानकारी अनुसार, बमोर गेट में रहने वाला एक युवक दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में शामिल होकर आया था। जो अपनी ट्रैवल हिस्ट्री छुपाकर परिचितों के साथ घूमता रहा। युवक के बारे में जानकारी मिलने पर स्क्रीनिंग कर जांच की तो वह कोरोना पॉजिटिव मिला। वह वर्तमान में जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती है। जिसके खिलाफ मामला भी दर्ज कर लिया गया है। वहीं बमोर गेट के अब तक करीब 37 लोग पॉजिटिव हो गए। साथ ही जिले में संक्रमितों की संख्या 71 पहुंच गई है।


पांच लाख से ज्यादा घरों का सर्वे
जिले में अब तक 5.78 लाख घरों का सर्वे कर 29 लाख 17 हजार 710 लोगों की स्क्रीनिंग हो चुकी हैं। वहीं 25.481 हजार लोगों ने होम क्वारिन्टाइन की अवधि पूर्ण कर ली हैं और वर्तमान में 1 हजार 785 लोग होम क्वारिन्टाइन में हैं। क्वारिन्टाइन फैसेलिटी में 874 व्यक्ति हैं व सआदत अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड में 74 व्यक्ति हैं।


सैंपलों की जांच में देरी से रोष
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र पराणा ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन को पत्र लिखकर टोंक जिले की स्थिति से अवगत करवाते हुए बताया कि 12 अप्रैल के बाद से जिला प्रशासन की ओर से भेजे गए कोविड़-19 सैंपल की जांच नहीं हो रही है। उन्होंने टोंक की रिपोर्ट को प्राथमिकता से जांच करवाने और जिला मुख्यालय पर ही जांच केंद्र शुरू करने के लिए राज्य सरकार को निर्देश जारी करने की मांग की है।


टोडा में कर्फ्यू का उल्लंघन करने पर 14 गिरफ्तार, एक ट्रक जब्त
कस्बे में कोराना वाइरस के मद्देनजर लगाई गई कर्फ्यू का उलंघन करने पर पुलिस ने बुधवार को 14 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। साथ ही एक बिना कागजों की ट्रक को जब्त किया गया है।