लॉकडाउन की वजह से फॉर्महाउस पर फंसे जैकी श्रॉफ, इस तरह‍ बिता रहे समय

लॉकडाउन की वजह से आम लोगों के साथ ही साथ कई सितारे भी अपने परिवार से दूर दूसरी जगहों पर फंस गए हैं। सलमान खान, मनोज बाजपेयी, दीपक डोबरियाल के बाद जैकी श्रॉफ भी अपने घर से दूर मुंबई-पुणे हाईवे के बीच खंडाला स्थित अपने फॉर्महाउस में फंस गए हैं। वहीं उनकी पत्नी आयशा, बेटा टाइगर श्रॉफ और बेटी कृष्णा श्रॉफ मुंबई के घर में हैं। लॉकडाउन की वजह से जैकी मुंबई अपने परिवार के पास नहीं लौट सकते हैं। इस बारे में जैकी की पत्नी आयशा ने बताया कि जैकी खंडाला के फार्महाउस में कुछ नए पेड़ पौधे लगाने और प्री-मानसून वर्क करने गए थे। फिर वे वहीं फंस गए, मगर गनीमत ये है कि जैकी के साथ उनका स्टाफ मौजूद है। आयशा ने बताया की जैकी के पास ताजी हवा, स्पेस और खुद की उगाई सब्जियां हैं। वे जैकी के साथ संपर्क में हैं। फोन पर और वीडियो कॉल के जरिए उनकी बातचीत होती रहती है।


जब आयशा से पूछा गया कि महामारी के बीच जैकी श्रॉफ अकेले फार्म हाउस में हैं, तो क्या वे उन्हें लेकर परेशान हैं? जवाब में आयशा ने कहा- नहीं, बिल्कुल भी नहीं। जैकी पूरी तरह से ठीक हैं। बता दें कि जैकी अपने ड्राइवर के साथ हैं। वो वहां गार्डन में उगाई गईं सब्जियों को बनाकर खा रहे हैं। इसके अलावा वो दिहाड़ी मजदूरों की भी मदद कर रहे हैं।