मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा- 21 इलाकों में ऑपरेशन शील्ड लॉन्च, सरकारी पैसा अब केवल वेतन और कोरोना संकट पर खर्च होगा


नई दिल्ली. मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को बताया कि कोरोनावायरस और लॉकडाउन के चलते सबकुछ बंद हो गया है। फैक्ट्री, दुकानें सारे काम बंद हो गए हैं। इसके चलते टैक्स आना भी बंद हो चुका है। आने वाले दिनों में हमें आर्थिक संकट से गुजरना होगा। इसलिए अब सरकारी खर्चों में पूरी तरह से कटौती की जा रही है। केवल वेतन और कोरोना के लिए सरकारी धन का प्रयोग किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कोरोना प्रभावित दिल्ली के 21 इलाकों में ऑपरेशन शील्ड (SHIELD) लॉन्च कर दिया गया है।


ऑपरेशन शील्ड (SHIELD)



  • S का मतलब इलाके को सील करना, जहां कोरोना संक्रमित मिला है। न कोई बाहर जाएगा और न कोई अंदर आएगा। 

  • H का मतलब होम क्वारैंटाइन। ऐसे इलाकों के लोग अपने घरों से भी बाहर नहीं निकल पाएंगे। लोगों को होम क्वारैंटाइन में रहना होगा।

  • I  का मतलब आइसोलेशन। कोरोना संक्रमित लोग पूरी तरह से आइसोलेट किए जाएंगे। संक्रमितों के फोन ट्रेस होंगे ताकि उनसे मिलने वाले लोग भी आइसोलेट किए जा सकें।

  • E का मतलब एसेंशियल सप्लाई। इसके जरिए आमजन तक जरूरत का सामान पहुंचाया जाएगा। 

  • L का मतलब लोकल सैनिटाइजेशन है। इसमें उस पूरे इलाके में दवा का छिड़काव होगा। पूरी तरह से उसे सैनिटाइज किया जाएगा।

  • D का मतलब डोर टू डोर चेकिंग है। इसमें हेल्थ वर्कर्स और अधिकारी इलाके के हर घर में जाकर लोगों से मिलेंगे। किसी में संक्रमण के लक्षण मिलने पर उन्हें आइसोलेट करेंगे।


डॉक्टर से अभद्रता करने वालों की खैर नहीं
केजरीवाल ने सफदरगंज अस्पताल की दो महिला डॉक्टरों से साथ हुई अभद्रता के मामले का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ये बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यही लोग हमारी जान बचा रहे हैं। आज अगर ये काम करना बंद कर दें तो हम सभी की जान जा सकती है। ये अपनी जान दांव पर लगाकर हमारी सुरक्षा कर रहे हैं। उन्हें परेशान करने वालों की खैर नहीं। ऐसे लोगों को सख्त से सख्त सजा दिलवाएंगे।