मुंबई में कोरोना संक्रमण से पुलिस कांस्टेबल की मौत, राज्य में कुल 96 पुलिसकर्मी संक्रमित

मुंबई. कोरोना संक्रमण से एक 57 वर्षीय पुलिस कांस्टेबल की मौत हुई है। कोरोना संक्रमण से पुलिस विभाग से जुड़े किसी कर्मचारी की महाराष्ट्र में पहली मौत है। वर्ली नाका इलाके में रहने वाले मृतक कांस्टेबल मुंबई के वकोला इलाके में पोस्टेड थे। यह मुंबई के एचई ईस्ट वार्ड में आता है, जहां सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमित मरीज हैं। कांस्टेबल अपने पीछे पत्नी और दो बच्चे को छोड़ कर इस दुनिया को अलविदा कह गए। 


महाराष्ट्र में 96 पुलिसकर्मियों में कोरोना संक्रमण 
महाराष्ट्र में लॉकडाउन की अवधि के दौरान शनिवार तक कुल 96 पुलिसकर्मी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। इनमें 15 पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, '' महाराष्ट्र में अब तक 15 पुलिस अधिकारियों समेत कुल 96 पुलिसकर्मी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।'' 


अधिकारी ने कहा कि इनमें से तीन पुलिस अधिकारियों और चार पुलिसकर्मियों को स्वास्थ्य में सुधार के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है।