उत्तर प्रदेश सरकार अपने लोगों को बस से वापस ला सकती है तो बिहार सरकार क्यों नहीं?

 पटना. कोरोनावायरस के संक्रमण को रोकने के लिए लगाए गए लॉकडाउन के चलते 37 दिन से बिहार के 28 लाख लोग दूसरे राज्यों में फंसे हैं। केंद्र सरकार ने प्रवासियों को अपने घर जाने की छूट दी है। अब प्रवासी बिहारियों को वापस कैसे लाया जाए इसको लेकर राजनीति हो रही है। उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने कहा है कि इतनी बसें नहीं हैं कि पूरे देश से लोगों को वापस लाया जा सके। सुशील मोदी ने इसके लिए केंद्र सरकार से विशेष ट्रेन चलाने की मांग की है।


वहीं, इस मुद्दे पर राजद नेता तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जवाब मांगा है। उन्होंने ट्वीट किया कि अगर उत्तर प्रदेश सरकार महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में फंसे अपने राज्यवासियों को बसों द्वारा वापस बुला सकती है तो बिहार सरकार क्यों नहीं? डबल इंजन सरकार क्या गरीबों के लिए इतना भी नहीं कर सकती? मुख्यमंत्री स्वयं जवाब दें।