यूपी के अलीगढ़ और लखनऊ में पुलिस पर पथराव और धक्का-मुक्की; एमपी के धार में रात में गश्त कर रही टीम पर फायरिंग


कोरोनावायरस के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे स्वास्थ्यकर्मियों, पुलिसवालों और डॉक्टरों के साथ अभद्रता और उन पर हमले रुक नहीं रहे हैं। देश के 5 राज्यों में बुधवार को इन कोरोनावॉरियर्स के साथ बदसलूकी की घटनाएं सामने आईं। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और अलीगढ़ में पुलिसटीम पर हमला किया गया। मध्य प्रदेश के धार में भी रात में पेट्रोलिंग कर रहे पुलिसकर्मियों पर चोरों ने फायरिंग कर दी। राजस्थान के जोधपुर में भी पुलिस जवान पर छत से पत्थर फेंके गए।


उत्तर प्रदेश: भीड़ के हमले में जवान को गंभीर चोटें आईं
अलीगढ़: 
जिले के भुजपुरा में पुलिस की टीम सब्जी के ठेलों को हटवा रही थी। इसी दौरान उस पर पथराव कर दिया गया। लॉकडाउन की अवधि खत्म हो गई थी। इसके बाद टीम ठेले हटवाने पहुंची थी। पथराव के चलते भगदड़ की स्थिति बन गई थी।
लखनऊ: शहर का कैंट थाना क्षेत्र हॉटस्पॉट है। यहां लॉकडाउन तोड़ने वाले करीब 20 युवाओं को हटाने के लिए पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। एक सिपाही को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने के लिए स्थानीय पार्षद को बुलाया और भीड़ से अपने घरों में वापस जाने को कहा। लखनऊ में 181 संक्रमित हैं। इनमें 89 मरीज कैंट में ही हैं।


मध्य प्रदेश: सर्वे करने गई स्वास्थ्य विभाग की टीम को खदेड़ा
श्योपुर: 
इंदौर से आए युवक की स्क्रीनिंग करने श्योपुर के गसवानी कस्बे में पहुंची स्वास्थ्य और पुलिस टीम पर पथराव कर दिया गया। सिर में पत्थर लगने से एक एएसआई  श्रीराम अवस्थी घायल हो गए। श्योपुर पुलिस ने स्क्रीनिंग टीम पर हमले को लेकर एक महिला सहित चार लोगों पर सरकारी कार्य में बाधा, पथराव व आपदा प्रबंधन अधिनियम की धाराओं के तहत एफआइआर दर्ज कर ली है।


रायसेन: जिले के अल्ली गांव में सोमवार को 10 कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। यहां पर बुधवार को स्वास्थ्य महकमे की टीम पहुंची। लेकिन, ढाई घंटे तक टीम को सर्वे नहीं करने दिया गया। टीम ने बताया कि अगर हम गांव में घुसने की कोशिश करते तो हम पर हमला भी किया जा सकता था।
धार: जिले के राजगढ़ में रात में गश्त पर निकले पुलिस जवानों पर चोरों ने फायरिंग कर दी। यहां 15 दिन में चोरों ने ऐसी दूसरी घटना को अंजाम दिया है। इससे पहले सोनगढ़ रोड पर प्याज की रखवाली कर रहे किसान पिता-पुत्र की गोली मार कर हत्या की जा चुकी है।


महाराष्ट्र: आशा कार्यकर्ता ने कहा- लोग पत्थर मारते हैं
नागपुर: 
आशा कार्यकर्ता ऊषा ठाकुर ने कहा कि जब हम सर्वे करने जाते हैं तो लोग हमें पत्थर मारते हैं और गालियां देते हैं। उन्होंने बताया कि लोग हमसे सवाल करते हैं कि सर्वे करने के लिए क्यों आ रही हो। जब लोगों को समझाओ कि यह सब आपकी बेहतरी के लिए है तो अभद्रता का शिकार होना पड़ता है।


राजस्थान: एसडीआरएफ जवान पर पथराव
जोधपुर: मंगलवार देर रात गश्त कर रहे एक एसडीआरएफ जवान रामलेख गुर्जर पर घास मंडी में एक मकान की छत से दो भाइयों ने पत्थरों से हमला कर दिया। हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शहर के 7 थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगाया गया है। 


झारखंड: होमगार्ड जवान के साथ धक्का-मुक्की
गोड्डा जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड के एक जवान के साथ धक्का-मुक्की की गई थी। जवान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील कर रहा था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।