71 हजार 474 केस: स्वास्थ्य मंत्री ने कहा- रिकवरी रेट लगातार बेहतर हो रहा, अब यह 31.7%; कोरोना से डेथ रेट भी दुनिया में सबसे कम 3.2%

नई दिल्ली. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कहा है कि हमारे यहां कोरोना के मरीजों के ठीक होने की दर हर दिन बेहतर हो रही है। आज यह 31.7% पर है। कोरोना से मृत्यु की दर हमारे यहां दुनिया में सबसे कम 3.2% है। कई राज्यों में तो यह इससे भी कम है। दुनिया में यह दर 7 से 7.5% है। 


देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 71 हजार 474 हो गई है। इनमें से दिल्ली में 406, बिहार में 81, राजस्थान में 68, कर्नाटक में 63, आंध्रप्रदेश में 33, ओडिशा में 22, चंडीगढ़ में 6 और झारखंड में 2 मरीज मिले। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के आधार पर हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 70 हजार 756 संक्रमित हैं। 46 हजार 8 का इलाज चल रहा है। 22 हजार 454 ठीक हो चुके हैं, जबकि 2293 मरीजों की मौत हुई है।


नर्स डे पर प्रधानमंत्री मोदी ने उनका आभार जताया


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंटरनेशनल नर्स डे पर ट्वीट किया- नर्सें हमारे ग्रह को सेहतमंद बनाए रखने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रही हैं। फिलहाल वे कोविड-19 को हराने के लिए जबर्दस्त काम कर रही हैं। हम नर्स और उनके परिवारों के प्रति आभारी हैं। फ्लोरेंस नाइटिंगेल से प्रेरित, हमारे मेहनती नर्सिंग कर्मचारियों में बहुत करुणा भाव है। हम नर्सों के कल्याण के लिए काम करते रहने की प्रतिबद्धता दोहराते हैं।