अब तक 42.72 लाख संक्रमित: स्पेन में 113 साल की महिला अब स्वस्थ; ब्रिटेन में मौतों का आंकड़ा 40 हजार के पार

वॉशिंगटन. दुनिया में कोरोनावायरस के अब तक 42 लाख 72 हजार 729 मामले सामने आ चुके हैं। दो लाख 87 हजार 615 की मौत हो चुकी है, जबकि 15 लाख 36 हजार 196 लोग ठीक हो चुके हैं। स्पेन की सबसे बुजुर्ग महिला (113 साल) मारिया ब्रायंस अब स्वस्थ हैं। उन्हें अप्रैल में एक अन्य महिला के साथ संक्रमित पाया गया था। ब्रायंस को जब अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया तो पूरे स्टाफ ने बाहर आकर तालियों से उनका स्वागत किया। दूसरी तरफ, ब्रिटेन में मरने वालों का आंकड़ा अब 40 हजार से ज्यादा हो गया है।


75 मिनट के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में दुनिया की गिरती अर्थवयवस्था और किसी एक देश पर निर्भरता को लेकर भी चर्चा हुई। ट्रम्प प्रशासन पहले ही कुछ समय के लिए चीन से इंडस्ट्री को दूसरे जगह ले जाने की बात कह चुकी है।


7 देशों के नेताओं ने महामारी पर की चर्चा


कोरोनावायरस : सबसे ज्यादा प्रभावित 10 देश







































































देशकितने संक्रमितकितनी मौतेंकितने ठीक हुए
अमेरिका13,85,85081,7952,62,225
स्पेन2,68,14326,7441,7,846
रूस2,32,2432,11643,512
ब्रिटेन2,23,06032,065उपलब्ध नहीं
इटली2,19,81430,7391,06,587
फ्रांस1,77,42326,64356,724
जर्मनी1,72,5767,6611,45,617
ब्राजील1,69,59411,65367,384
तुर्की1,39,7713,84195,780
ईरान1,09,2866,68587,422

ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं। 


स्पेन : 113 साल की महिला स्वस्थ
स्पेन की सबसे बुजुर्ग महिला (113 साल) मारिया ब्रायंस अब स्वस्थ हैं। उन्हें अप्रैल में एक अन्य महिला के साथ संक्रमित पाया गया था। ब्रायंस को जब अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया तो पूरे स्टाफ ने बाहर आकर तालियों से उनका स्वागत किया। ब्रायंस का अपना ट्विटर हैंडल है। हालांकि, इसको उनके परिजन ऑपरेट करते हैं। वो 20 साल से कैटेलोनिया के एक नर्सिंग होम में रह रही हैं। 1907 में उनका जन्म अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में हुआ। 8 साल की उम्र में वो स्पेन आ गईं। तब से यहीं हैं।


ब्रिटेन : मौतों का आंकड़ा 40 हजार पार
यहां मरने वालों की संख्या मंगलवार को 40 हजार 11 हो गई। इनमें 10 हजार ऐसे लोग हैं जो केयर होम्स में रह रहे थे। सरकार ने एक बयान में कहा, “9 मई तक 35 हजार 44 हजार की मौत इंग्लैंड और वेल्स में दर्ज की गई। ब्रिटेन का कुल आंकड़ा 40 हजार 11 है।” ब्रिटेन अब यूरोप का सबसे ज्यादा संक्रमण प्रभावित देश है। इटली में 30 हजार 739, स्पेन में 26 हजार 744 और फ्रांस में 26 हजार 604 लोग दम तोड़ चुके हैं। जर्मनी में अब तक 7 हजार 661 लोगों की मौत हुई है। 


चीन : 16 नए मामले
यहां 24 घंटे में 16 नए मामले सामने आए। इनमें से 15 मामले ऐसे हैं जिनकी टेस्ट रिपोर्ट तो पॉजिटिव आई लेकिन उनमें संक्रमण के कोई लक्षण नजर नहीं आए। इसी तरह के मामले डब्लूएचओ के लिए चिंता का कारण हैं। वुहान में सोमवार को 6 मामले सामने आए थे। डब्लूएचओ ने सोमवार को उन देशों को चेतावनी दी थी जिन्होंने लॉकडाउन हटाने में जल्दबाजी की थी। 


रूस : पुतिन के प्रेस सेक्रेटरी संक्रमित
रूस सरकार के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव पॉजिटिव पाए गए हैं। मंगलवार को मॉस्को टाइम्स ने यह जानकारी दी। पेस्कोव ने खुद एक बयान में कहा, “हां, मैं बीमार हूं। इलाज चल रहा है।” पोस्कोव सरकार के अलावा राष्ट्रपति पुतिन के भी प्रवक्ता हैं। हाल के दिनों में उन्होंने कई प्रेस ब्रीफिंग की थीं। पेस्कोव के बारे में यह जानकारी फिलहाल, सामने नहीं आई है कि वो कैसे संक्रमित हुए। 


ब्राजील: 11 हजार से ज्यादा मौतें


ब्राजील में 24 घंटे में 5632 नए केस मिले हैं और 396 लोगों की मौत हुई है। देश में मरने वालों का आंकड़ा 11 हजार से ज्यादा हो गया है। वहीं, संक्रमण के 1 लाख 69 हजार 143 मामले सामने आ चुके हैं। इसके बावजूद राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो ने राज्यों के गवर्नरों को लॉकडाउन लगाने के लिए फटकार लगाई।


व्हाइट हाउस में मास्क पहनने के आदेश


व्हाइट हाउस में अधिकारियों को वेस्ट विंग में आते समय मॉस्क पहनने के आदेश दिए गए हैं। वहीं, ट्रम्प ने कहा कि यह आदेश मेरे लिए नहीं हैं, क्योंकि मैं इन सबसे दूर हूं। एक हफ्ते के भीतर व्हाइट हाउस के दो अधिकारी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसके बाद यह फैसला किया गया है। मंगलवार को मीडिया ब्रीफिंग के दौरान ट्रम्प बिना मास्क के ही नजर आए। उन्होंने कहा कि व्हाइट हाउस में हर दिन सैकड़ों लोग आते हैं। हम महामारी से निपटने में अच्छा काम कर रहे हैं। इससे पहले अमेरिकी कोरोना टास्क फोर्स के सदस्य डॉ. एंथनी फॉसी समेत तीन अधिकारी सेल्फ आइसोलेशन में चले गए हैं।


अमेरिका: कोरोना अदृश्य दुश्मन: ट्रम्प
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कोरोना को अदृश्य दुश्मन बताया है। उन्होंने कहा कि कि इस हफ्ते देश में 1 करोड़ लोगों का टेस्ट कर लिया जाएगा। यह संख्या किसी भी दूसरे देश से दोगुनी है। ट्रम्प ने व्हाइट हाउस ब्रीफिंग में कहा कि हम दक्षिण कोरिया, ब्रिटेन, फ्रांस, जापान, स्वीडन, फिनलैंड और कई अन्य देशों की तुलना में प्रति व्यक्ति ज्यादा लोगों का टेस्ट कर रहे हैं। सोमवार सुबह तक देश में 90 लाख टेस्ट किया जा चुका है।



  • जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के मुताबिक, अमेरिका में लगातार दूसरे दिन एक दिन में मरने वालों की संख्या 900 से कम।

  • अमेरिका में अब तक 81,795 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 13 लाख 85 हजार से ज्यादा संक्रमित हैं।

  • अमेरिका के सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य न्यूयॉर्क में अब तक 27 हजार लोगों की जान गई और तीन लाख से ज्यादा संक्रमित हैं।

  • न्यूयॉर्क में 24 घंटे में 207 लोगों की मौत हुई है। यहां 15 मई से प्रतिबंधों मं राहत दी जा सकती है।


ट्रम्प की दो पत्रकारों से बहस


ट्रम्प ने सोमवार को दो महिला पत्रकारों के साथ विवाद के बाद कोरोनो पर अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस अचानक खत्म कर दिया। हिल के अनुसार, ट्रम्प ने कोरोनोवायरस पर प्रतिक्रिया के लिए अपने प्रशासन की प्रशंसा करते हुए लगभग 40 मिनट तक रिपोर्टर के सवाल के जवाब दिए। लेकिन दो पत्रकारों- सीबीएस की रिपोर्टर वीजिया जियांग और सीएनएन की काजलन कोलिंस के साथ उनका विवाद हो गया।


अमेरिकी उपराष्ट्रपति पेंस का टेस्ट निगेटिव


अमेरिका के उपराष्ट्रपति माइक पेंस का कोरोना टेस्ट निगेटिव आया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इसकी जानकारी दी। पेंस ने सोमवार और मंगलवार दोनों दिन टेस्ट कराया और उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई। शुक्रवार को ट्रम्प ने पेंस की प्रवक्ता कैटी मिलर के कोरोना से संक्रमित होने की जानकारी दी थी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया था कि पेंस अन्य लोगों से दूरी बनाकर चलेंगे, लेकिन उनके कार्यक्रम पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है।


ब्रिटेन: 32 हजार से ज्यादा मौतें
ब्रिटेन में 24 घंटे में 210 लोगों की मौत हुई है और 3877 संक्रमित हुए हैं। देश में अब तक 32 हजार से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। वहीं, अमेरिका और स्पेन के बाद ब्रिटेन तीसरा सबसे ज्यादा प्रभावित देश बन गया है। यहां सरकार ने 1 जून से सभी खेल शुरू करने की मंजूरी दे दी है। हालांकि, इस दौरान दर्शक मौजूद नहीं रह सकेंगे। इन सभी खेलों का लाइव टेलिकास्ट किया जा सकेगा।


ब्रिटेश पीएम जॉनसन की योजना अस्पष्ट
ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था को फिर से खोलने के लिए प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की लंबे समय से प्रतीक्षित योजना की आलोचना की जा रही है। कहा जा रहा है कि इसमें कई चीजें स्पष्ट नहीं थीं। लोगों ने इसे भ्रामक और विरोधाभासी बताया है। जॉनसन ने रविवार और सोमवार को कहा कि अब लोगों से स्टे-ऐट-होम की जगह स्टे-अलर्ट के लिए कहा गया है। लेकिन कई लोगों ने आश्चर्य जताते हुए कहा कि इस बदलाव का क्या मतलब है।


इटली: प्रतिबंध हटाने का फैसला स्थानीय प्रशासन करेगी
इटली सरकार प्रतिबंधों को हटाने के लिए स्थानीय प्रशासन को फैसला करने की अनुमति देगी। स्थानीय मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक सरकार स्थानीय प्रशासन को यह फैसला लेने की अनुमति देगी कि देश में लागू प्रतिबंधों को कब हटाया जाए। लोकल इटली ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि देश का आल्टो एडिज पहला प्रांत है , जहां सोमवार से रेस्टोरेंट, बार और पुस्तकालय खोल दिए गए। इटली में अब तक 30,739 लोगों की मौत हो चुकी है।


रूस में कोरोना अस्पताल में आग


रूस के सेंट्सपीटसबर्ग स्थित कोरोना अस्पताल में आग लगने से करीब पांच लोगों की मौत हो गई। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, अस्पताल से करीब 150 लोगों को निकाला जा चुका है। जानकारी के मुताबिक, शॉट सर्किट की वजह से ये आग लगी है।


रूस: तीसरा सबसे ज्यादा प्रभावित देश


रूस में संक्रमण का आंकड़ा दो लाख से ज्यादा हो गया है। इसके साथ ही यह अमेरिका और स्पेन के बाद दुनिया का तीसरा सबसे ज्यादा प्रभावित देश हो गया है। यहां अब तक 2000 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। मॉस्को में 24 घंटों में कोरोना से 55 लोगों की मौत हुई है। रूस में एक हफ्ते से संक्रमण के 10 हजार से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। इसके बावजूद सरकार मंगलवार से यहां ढील देने की योजना बना रही है। एक दिन पहले यहां 11 हजार 656 केस मिले थे।


पेरू: 68,822 मामले
पेरू में मंगलवार को कोरोना के 1515 नए मामले सामने आए। यहां संक्रमितों की संख्या 68 हजार 822 हो गई है। वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1961 हो चुकी है। संक्रमितों में से 6648 मरीज अस्पताल में भर्ती है। राजधानी लीमा में कोरोना का सबसे ज्यादा कहर है। यहां कुल 44,333 संक्रमित हैं। पेरू में कोरोना के खतरे को देखते हुए 24 मई तक लॉकडाउन बढ़ाया गया है।