पंचतत्व में विलीन हुए शहीद जवान संतोष मिश्र, भारत माता की जय के लगे नारे

गया/औरंगाबाद. जम्मू-कश्मीर के हंदवाड़ा में आतंकियों से मुठभेड़ में शहीद हुए जवान संतोष कुमार मिश्र पंचतत्व में विलीन हो गए। बुधवार को औरंगाबाद स्थित पैतृक गांव देवहरा में जवान का अंतिम संस्कार किया गया। शहीद जवान के बेटे ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। लोगों ने 'शहीद जवान अमर रहें' और 'भारत माता की जय' के नारे लगाए। इससे पहले शहीद जवान का शव विशेष विमान से गया एयरपोर्ट पहुंचा। यहां जवान को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। सीआरपीएफ के आईजी, डीआईजी, गया के डीएम सहित कई अधिकारियों जवान को श्रद्धांजलि दी। शहीद जवान का शव विशेष वाहन से औरंगाबाद स्थित दाउदनगर के देवहरा लाया गया जहां राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। गर्भवती पत्नी की चित्कार से माहौल गमगीन हो गया। हर शख्स की आंखों में आंसू थे। मौके पर जुटे हजारों की संख्या में लोगों ने नम आंखों से जवान को अंतिम विदाई दी।


2004 में सीआरपीएफ में भर्ती हुए थे
स्वर्गीय जगमोहन मिश्र के बेटे संतोष मिश्र 2004 में सीआरपीएफ में भर्ती हुए थे। वे सीआरपीएफ के 92 बटालियन में थे। संतोष तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे और 2009 में उनकी शादी हुई थी। संतोष का एक बेटा है।


नीतीश ने जताया शोक
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जवान की शहादत पर शोक जताया है। अपने शोक संदेश में नीतीश ने कहा कि जवान की शहादत को पूरा देश याद रखेगा। मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य रखने की शक्ति प्रदान करें।