सिक्किम के नाकु ला सेक्टर से पहले लद्दाख में भी हुआ था चीन और भारत के सैनिकों में टकराव, बाद में बातचीत से मामला सुलझा

नाकु ला सेक्टर. नॉर्थ सिक्किम के नाकु ला सेक्टर में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच झड़प की घटना सामने आई। इस झड़प में दोनों तरफ के जवान घायल हुए। सेना के सूत्रों का कहना है कि दोनों देशों के सैनिकों का इस दौरान काफी आक्रामक रवैया देखने को मिला। आर्मी सूत्रों ने न्यूज एजेंसी को बताया कि पूर्वी लद्दाख में भी 5 और 6 मई को दोनों देशों के सैनिक आमने-सामने आ गए थे। हालांकि, बातचीत के बाद मामले को सुलझा लिया गया।


मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना मुगुथांग के आगे नाकु ला सेक्टर में शनिवार को हुई। यह इलाका 5 हजार मीटर की ऊंचाई पर है। एक अफसर ने बताया कि 4 भारतीय और 7 चीनी सैनिकों को चोट लगी। इस झड़प में दोनों देशों के करीब 150 सैनिक शामिल थे। उधर, आर्मी का कहना है, ‘‘सीमा विवाद को लेकर भारतीय और चीन के सैनिकों के बीच अस्थाई और छिटपुट झड़पें अभी भी होती रहती हैं। हालांकि, इस बार झड़प काफी लंबे समय बाद हुई है। दोनों सेनाएं इस मुद्दे को प्रोटोकॉल के तहत सुलझा लेती हैं।’’


2017 में भारत-चीन के बीच तनाव बढ़ा 



  • डोकलाम में भारत और चीन के बीच तनाव 72 दिन चला था। 16 जून 2017 को दोनों सेनाएं आमने-सामने आ गई थीं। दोनों सरकारों की कोशिशों के बाद यह 28 अगस्त 2017 को खत्म हुआ। तनाव की शुरुआत डोका ला जनरल इलाके में चीन और भारत की फौजों में हाथापाई से हुई थी। भारतीय सेना ने वहां चीन के सैनिकों को सड़क बनाने से रोक दिया था। चीन का दावा था कि वह अपने इलाके में सड़क बना रहा था।

  • इस एरिया का भारत में नाम डोका ला है, जबकि भूटान में इसे डोकलाम कहा जाता है। चीन दावा करता है कि ये उसके डोंगलांग रीजन का हिस्सा है। भारत-चीन का जम्मू-कश्मीर से लेकर अरुणाचल प्रदेश तक 3488 km लंबा बॉर्डर है। इसका 220 km हिस्सा सिक्किम में आता है।

  • अगस्त 2017 में भारत और चीन के सैनिकों के बीच लद्दाख में पैनगॉन्ग झील के पास झड़प हुई थी। दोनों देशों के जवानों ने एक दूसरे पर पत्थरों से हमला किया था।